
बलरामपुर/राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ज्ञापन सौंपकर राजपुर जनपद पंचायत मुख्यालय में आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण, राजपुर क्षेत्र में विभिन्न शासकीय, सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु किसी सुसज्जित एवं आधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण मांग की ।
जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने ज्ञापन सौंपकर कहा यदि जनपद पंचायत मुख्यालय में एक आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाता है, तो इससे स्थानीय स्तर पर शासकीय बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण शिविरों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का सुचारू संचालन संभव हो सकेगा। साथ ही क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच भी प्राप्त होगा। राजपुर शासकीय महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (PG) कक्षाओं का संचालन वर्तमान में शासकीय महाविद्यालय राजपुर में स्नातक स्तर तक ही शिक्षा उपलब्ध है। उच्च शिक्षा हेतु विद्यार्थियों को अन्य शहरों की ओर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक एवं सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाओं (विशेषकर कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय) का संचालन प्रारंभ किया जाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके। दोनों मांगे क्षेत्र के समग्र विकास, शिक्षा के विस्तार एवं युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। दोनो मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।




















