कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार शाम बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। कुसमुंडा स्थित कुसमुंडा सायलो साइडिंग में कोयला लोडिंग के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन अचानक पटरी से उतर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए कोयला लोडिंग व परिवहन का काम प्रभावित रहा।हादसे में इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए। हालांकि समय रहते कर्मचारियों और चालक की सतर्कता से बड़ा नुकसान टल गया।

पटरी पर फैला कोयला बना हादसे की वजह!

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साइडिंग क्षेत्र में लोडिंग के दौरान काफी मात्रा में कोयला पटरी पर गिरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इंजन के पहिए कोयले की परत पर चढ़ गए, जिससे संतुलन बिगड़ गया और इंजन बेपटरी हो गया।घटना होते ही चालक और वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत रेलवे और South Eastern Coalfields Limited के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद तकनीकी टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे।

तीन घंटे चला हाईटेक रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद रेलवे की ATR यानी एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। टीम ने क्रेन और विशेष उपकरणों की मदद से इंजन को दोबारा ट्रैक पर लाने का अभियान शुरू किया।करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इंजन के पहियों को सुरक्षित तरीके से फिर पटरी पर चढ़ाया गया। इस दौरान साइडिंग क्षेत्र में कोयला लोडिंग और परिवहन का कार्य प्रभावित रहा।

मुख्य रेलवे लाइन पर नहीं पड़ा असर

रेलवे अधिकारियों के अनुसार हादसे का असर मुख्य रेलवे ट्रैक पर नहीं पड़ा। अन्य रूटों से कोयला परिवहन सामान्य रूप से जारी रहा।अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!