लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरकारी अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे दंपति की मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर से अज्ञात चोरों ने पार कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने लखनपुर थाने पहुंचकर बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराने आवेदन दिया है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब होने की बात सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लटोरी घुमका पारा निवासी राम बरन यादव पिता मुंशी यादव अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से उपचार कराने के लिए 6 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे लखनपुर सरकारी अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के लिए दोनों अस्पताल में भर्ती हुए थे। अगले दिन 7 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे तक उनका इलाज चलता रहा।

बताया जा रहा है कि इंजेक्शन लगने के बाद राम बरन यादव अस्पताल में सो गए। दोपहर करीब 3 बजे जब वह उठकर अस्पताल से बाहर आए तो जिस स्थान पर उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की थी, वहां बाइक नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।काफी तलाश के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर पीड़ित ने मंगलवार 8 सितंबर को लखनपुर थाने पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आवेदन दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

CCTV कैमरे खराब, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के वाहनों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। चोरी की घटना के बाद अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के खराब होने की बात सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।यदि कैमरे चालू होते तो चोरी की घटना से जुड़े संदिग्धों की पहचान करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता था। अब कैमरे खराब होने के कारण पुलिस के सामने आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य माध्यमों से चोर तक पहुंचने की चुनौती है। अस्पताल प्रबंधन से सीसीटीवी कैमरों को जल्द दुरुस्त कराने और परिसर में वाहनों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था किए जाने की मांग उठ रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!