अंबिकापुर: शहर में निजी स्कूलों की मनमानी और कथित अवैध वसूली के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर गठित जांच टीम ने शहर के तीन प्रमुख निजी स्कूल न्यू डीपीएस स्कूल, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल और कार्मेल स्कूल में जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाई हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक फीस वसूली की जा रही थी। इसके अलावा एनसीईआरटी की किताबों के बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें छात्रों को पढ़ाने के लिए बाध्य किया जा रहा था।

खास बात यह भी सामने आई कि ये किताबें केवल एक निर्धारित दुकान एमपी डिपार्टमेंटल स्टोर पर ही उपलब्ध कराई जा रही थीं, जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा था।जांच के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकों ने टीम के सामने अपनी शिकायतें रखीं और स्कूलों की कथित ‘दुकानदारी’ का खुलकर खुलासा किया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन मनमाने तरीके से फीस और किताबों के नाम पर उगाही कर रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तीनों स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के मामले में जुर्माना भी लगाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की शिकायतें मिलने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद निजी स्कूलों में हड़कंप मच गया है, वहीं अभिभावकों को राहत की उम्मीद जगी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!