

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। नगर पंचायत कुसमी के वार्ड क्रमांक 2 निवासी छात्र श्रेयश जायसवाल ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे कुसमी क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वर्तमान में प्रयास आवासीय विद्यालय रायपुर में अध्ययनरत श्रेयश शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन, माता-पिता के सहयोग तथा निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम को दिया है। श्रेयश का कहना है कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और समय का सही प्रबंधन ही उनकी सफलता का मुख्य आधार रहा।
श्रेयश के पिता सचिन जायसवाल एवं माता विद्या जायसवाल दोनों ही शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुसमी क्षेत्र में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षकीय परिवेश में पले-बढ़े श्रेयश को बचपन से ही शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिली, जिसका परिणाम आज उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के रूप में सामने आया है।
अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में श्रेयश ने बताया कि वे आगे भी इसी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते हैं। उनका लक्ष्य देश और समाज की सेवा करना है।
श्रेयश की इस सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

































