

मध्य प्रदेश : मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में मानसून पहुंचने के बाद अब इसके जल्द ही मध्य प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले कई दिनों से एक ही स्थान पर रुका मानसून अब सक्रिय हो रहा है और अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश की शुरुआत हो सकती है।
प्री-मानसून बना राहत की वजह, कई जिलों में हुई बारिश
मानसून की एंट्री से पहले ही मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। सोमवार को भोपाल, इंदौर, धार, रायसेन, खंडवा, उज्जैन, छिंदवाड़ा सहित 30 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली।सबसे अधिक 60.8 मिलीमीटर बारिश रायसेन जिले में रिकॉर्ड की गई। वहीं जबलपुर में तेज हवाओं के साथ मौसम बदला और करीब 52 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के दौरान गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई।
कहीं गर्मी का असर, तो कहीं मौसम रहा सुहाना
प्रदेश में मौसम का असर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग नजर आया। दतिया सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 40.4 डिग्री, सीधी में 40 डिग्री, मलाजखंड और नौगांव में 39.8 डिग्री तथा ग्वालियर में 39.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।दूसरी ओर प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी का मौसम सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुहावने मौसम का अनुभव हुआ।
इन इलाकों में तापमान का अलग रहा मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार चंबल संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के कई जिलों में सामान्य से लगभग 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किया गया।
41 जिलों में यलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम के सक्रिय बने रहने का अनुमान जताया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, अशोकनगर, उमरिया, कटनी, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और मंडला समेत 41 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मानसून की एंट्री के साथ मिलेगी गर्मी से बड़ी राहत
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले कुछ दिनों में मानसून मध्य प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में नियमित बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी तथा किसानों के साथ आम लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।





















