

बलरामपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के संकल्प को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन धरातल पर साकार कर रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बन रही है। इसका उदाहरण बसंतपुर निवासी सेवानिवृत्त साइट चौकीदार जाकिर हुसैन हैं, जिन्हें सेवानिवृत्ति के बाद लंबे समय तक पेंशन राशि नहीं मिल रही थी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद उनके पेंशन प्रकरण का त्वरित निराकरण हुआ और राशि उनके बैंक खाते में जमा कर दी गई। इससे उन्हें बड़ी राहत मिली है।
जल संसाधन विभाग में साइट चौकीदार के पद पर कार्यरत रहे बसंतपुर निवासी ज़ाकिर हुसैन 31 मई 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद से उनके पेंशन प्रकरण का निराकरण नहीं हो पा रहा था, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई महीनों तक पेंशन राशि नहीं मिलने से वे चिंतित थे।
समस्या के समाधान के लिए ज़ाकिर हुसैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच कर पेंशन प्रकरण का शीघ्र निराकरण किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया और राशि उनके बैंक खाते में जमा हो गई।
पेंशन राशि प्राप्त होने के बाद जाकिर हुसैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की सराहना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से परेशान थे और उन्हें अपनी सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली राशि का इंतजार था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद विभाग ने तत्परता दिखाई और एक-दो दिनों के भीतर उनकी समस्या का समाधान कर दिया।
जाकिर हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम लोगों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रही है। मैं लगभग एक वर्ष से अपनी पेंशन राशि के लिए परेशान था, लेकिन शिकायत करने के बाद त्वरित कार्रवाई हुई और मेरे खाते में राशि जमा हो गई। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करता हूँ।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच बनकर उभरी है। समयबद्ध कार्रवाई और त्वरित निराकरण के माध्यम से लोगों को राहत मिल रही है तथा शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं सतत निगरानी में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में बसंतपुर निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी जाकिर हुसैन की पेंशन संबंधी शिकायत का शीघ्र निराकरण कर उनकी लंबित पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया।




















