

सूरजपुर: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेस-04) के अंतर्गत जिले में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु स्वीकृत 76 सड़कों के शिलान्यास एवं शुभारंभ का कार्यक्रम आज ऑडिटोरियम हॉल तिलसीवां, सूरजपुर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर शामिल हुए और एक साथ इन सड़कों के भूमिपूजन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखालाल रजवाड़े, सर्व जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस योजना के तहत जिले में कुल 76 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है, जिनकी कुल लंबाई 314.64 किलोमीटर तथा कुल लागत 27,362.31 लाख रुपये है। यह परियोजना जिले के विभिन्न विकासखंडों में ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर संपर्क प्रदान कर विकास की नई दिशा तय करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना देश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है और गांव-गांव तक सड़कों के विस्तार से विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि देश की आत्मा गांवों में बसती है और जब तक गांवों का समुचित विकास नहीं होगा, तब तक राज्य और देश का समग्र विकास संभव नहीं है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना के जरिए न केवल गांवों तक सड़क पहुंचाई जा रही है, बल्कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों तक भी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांवों में ही शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामसेवक पैकरा ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा और लोगों की स्वास्थ्य, शिक्षा एवं प्रशासन तक पहुंच आसान होगी। विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि 314.64 किलोमीटर लंबी इन सड़कों का निर्माण ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा किसानों सहित आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।योजना के अंतर्गत विधानसभा भटगांव के विकासखंड भैयाथान में 7 सड़कों (21.30 किमी) के लिए 1718.84 लाख रुपये तथा विकासखंड ओड़गी में 26 सड़कों (138.33 किमी) के लिए 12,583.84 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार प्रतापपुर विधानसभा के विकासखंड प्रतापपुर में 23 सड़कों (85.04 किमी) के लिए 7559.89 लाख रुपये, विधानसभा प्रेमनगर अंतर्गत विकासखंड रामानुजनगर में 8 सड़कों (24.47 किमी) के लिए 1859.93 लाख रुपये, विकासखंड प्रेमनगर में 10 सड़कों (40.88 किमी) के लिए 3176.73 लाख रुपये तथा विकासखंड सूरजपुर में 2 सड़कों (4.62 किमी) के लिए 463.08 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों के निर्माण से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।































