

नारायणपुर: नारायणपुर जिले के थाना एड़का क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंडापाल आमापारा में हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक सनऊराम गावड़े और आरोपी बुधुराम पोटाई के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने मौका पाकर मक्का बाड़ी में कुदाली से ताबड़तोड़ वार कर सनऊराम की निर्मम हत्या कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही एड़का पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल कुदाली भी बरामद कर ली गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद को हिंसा के बजाय आपसी संवाद और कानूनी तरीके से सुलझाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

































