जशपुर: जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत कोतबा चौकी के ग्राम फरसाटोली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते छोटे साले और भाभी ने मिलकर अपने ही जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल जीजा की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मुरली राम यादव (40 वर्ष) का विवाह गांव की ही सोनिया यादव के साथ प्रेम विवाह के रूप में हुआ था। विवाह के बाद से ही मृतक और उसके ससुराल पक्ष के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। 30 मार्च 2026 को मृतक के बेटे का जन्मदिन मनाया गया, जिसके बाद उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ मिठाई बांटने मायके चली गई थी।उसी रात करीब 11 बजे मुरली राम शराब के नशे में अपनी पत्नी के मायके पहुंच गया, जहां उसका अपने छोटे साले शिवकुमार यादव (35 वर्ष)और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37 वर्ष) से विवाद हो गया। पुराने मनमुटाव के चलते विवाद ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि शिवकुमार ने मुरली राम को जमीन पर पटककर उसके सीने और पेट पर लात-घूंसों से हमला किया, जबकि मिथिला यादव ने डंडे से मारपीट की।पत्नी द्वारा बीच-बचाव करने के बाद आरोपियों ने उसे छोड़ा, जिसके बाद घायल मुरली राम किसी तरह अपने घर लौट गया। अगले दिन उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे कोतबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां 4 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गंभीर चोट के कारण मौत होना पाया गया, जिससे मामला हत्या का बन गया। इसके बाद कोतबा चौकी में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 अप्रैल को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है।मामले की कार्रवाई में थाना बागबहार और कोतबा चौकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!