नारायणपुर: नारायणपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ओर पंजाब नेशनल बैंक में हुए लाखों रुपये के गबन का पर्दाफाश किया, वहीं दूसरी ओर महिला हत्या प्रकरण में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है।

पहले मामले में पंजाब नेशनल बैंक, नारायणपुर शाखा में खातों की जांच के दौरान संदिग्ध लेन-देन सामने आए। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पाया गया कि खाताधारकों के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी तरीके से राशि निकाली गई और अन्य खातों में ट्रांसफर की गई। इस तरह करीब ₹30,67,500 का गबन किया गया। मामले में आरोपी तिलक राम मंडावी (38 वर्ष), निवासी पलटपारा गढ़बेंगल को 18 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

दूसरे मामले में 5 फरवरी 2026 को जिला अस्पताल से सूचना मिली थी कि गढ़बेंगल की एक महिला गंभीर हालत में भर्ती है, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि 13 जनवरी 2026 को महिला को उसके पति द्वारा गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। पुलिस ने आरोपी पति तिलक राम मंडावी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त सामग्री जब्त की और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया ने कहा कि नारायणपुर पुलिस अपराधों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है। आर्थिक अपराध हो या जघन्य अपराध, हर मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने लोगों से बैंकिंग लेन-देन में सतर्कता बरतने, ओटीपी व पासवर्ड किसी से साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!