
अंबिकापुर: पुरानी रंजिश और तालाब में मछली मारने की बात को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टॉर्च भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजा अगरिया निवासी श्रीगढ़, महादेव तालाब के पास ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्त बीरू के साथ घर पर था। इसी दौरान पुरानी रंजिश और तालाब में मछली मारने की बात को लेकर गोलू विश्वकर्मा घर में घुस आया।आरोप है कि आरोपी ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के तथा टॉर्च से मारपीट की। प्रार्थी के भाई-बहन ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 640/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) और 331(6) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोलू विश्वकर्मा पिता कौरू विश्वकर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी नावागढ़ आलमबाग, महादेव तालाब के पास, थाना कोतवाली अंबिकापुर को हिरासत में लिया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई टॉर्च जब्त की गई। अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, आरक्षक आनंद गुप्ता, शिव राजवाड़े और अमित विश्वकर्मा की सक्रिय भूमिका रही।




















