बालोद. जिले के डौंडीलोहारा में महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त जारी करने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम में उस वक्त दिलचस्प माहौल बन गया, जब कांकेर सांसद भोजराज नाग ने अपने ही अंदाज में बारिश रोकने का एक किस्सा साझा किया. उनके इस बयान पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री समेत सभी नेता और जनता हंस पड़े.

मौसम बिगाड़ रहा था टेंशन, सांसद ने अपनाया पारंपरिक उपाय

सभा को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन का प्रोटोकॉल बीती रात करीब 12 बजे जारी हुआ था, लेकिन उस दौरान खराब मौसम चिंता का विषय बना हुआ था. कार्यक्रम में कोई बाधा न आए, इसलिए उन्होंने अपनी पारंपरिक आस्था का सहारा लिया. सांसद ने अपने अंदाज में कहा, “जब रात 12 बजे प्रोटोकॉल आया, तो मौसम खराब था. मैंने बूढ़ादेव महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटकर बारिश रोक दी. अब हमारा कार्यक्रम तो सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है, इसलिए अब पानी गिरना हो तो गिरे.” उनके इस बेबाक और मजाकिया बयान को सुनते ही मंच पर बैठे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और पंडाल में जोरदार ठहाके गूंज उठे.

महतारी वंदन योजना का मुख्य कार्यक्रम

डौंडीलोहारा में आयोजित इस मुख्य समारोह में महिलाओं के चेहरे पर उस समय और खुशी छा गई जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किश्त सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की. इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे. हालांकि, योजना के इस गंभीर और बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के बीच सांसद भोजराज नाग का यह दिलचस्प किस्सा सोशल मीडिया और क्षेत्र में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!