जशपुर: जशपुर जिले के कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में जशपुर पुलिस ने एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और मोबाइल हैंडसेट बरामद किया है। वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के साथ चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार, कुनकुरी निवासी पंकज कुमार पारिक कठौतिया मोबाइल शॉप का संचालन करते हैं। 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन सुबह सूर्योदय बैंक के एक कर्मचारी ने दुकान का शटर खुला होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के दोनों ताले कटे मिले और अंदर मोबाइल के डिब्बे अस्त-व्यस्त पड़े थे। जांच में विभिन्न कंपनियों के करीब 150 मोबाइल हैंडसेट चोरी होना पाया गया।मामले में थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि दो आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। घटना से पहले दोनों संदिग्धों के एक होटल में खाना खाने और मोबाइल नंबर दिए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली।

सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान तौसीफ रजा (35), निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में की।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना हुई। लगातार पतासाजी के बाद टीम ने तौसीफ रजा को हिरासत में लेकर कुनकुरी थाना लाया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों काफी समय से मोबाइल दुकानों में चोरी की योजना बना रहे थे और झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल दुकानों की रेकी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुनकुरी की कठौतिया मोबाइल शॉप को निशाना बनाया।घटना की रात दोनों आरोपी दुकान के पीछे पहुंचे और औजार से शटर के दोनों ताले काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरकर फरार हो गए। कुछ दूरी पर दोनों ने मोबाइल के कवर और डिब्बे अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए और हैंडसेट अपने साथ ले गए। बाद में बस से वहां से फरार हो गए।पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए मोबाइल फोन दूसरे फरार आरोपी के पास हैं। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के साथ करीब 150 मोबाइल हैंडसेट की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे एवं आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!