

छत्तीसगढ़ : मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
सक्रिय मौसम प्रणाली का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी ओडिशा और उससे लगे पश्चिम बंगाल के ऊपर बना गहरा निम्न दबाव क्षेत्र छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसी वजह से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं और अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है।
29 जुलाई को कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
29 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश होने का अनुमान है। राजधानी रायपुर में भी गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है।
महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और बेमेतरा में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। वहीं नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और जशपुर सहित कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ अच्छी बारिश हो सकती है।
30 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
30 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
31 जुलाई को भी मौसम रहेगा मेहरबान
31 जुलाई को भी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर वर्षा की तीव्रता कम हो सकती है, लेकिन उत्तर और पूर्वी छत्तीसगढ़ के जिलों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा।
इन जिलों में बरतनी होगी विशेष सतर्कता
महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बलौदाबाजार, नारायणपुर, कांकेर, कोंडागांव, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।











