


दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक रियाज को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
रास्ता रोककर करता था परेशान, मोबाइल देकर बातचीत का बनाता था दबाव
पुलिस के अनुसार आरोपी रियाज कथित तौर पर नाबालिग का रास्ता रोककर उसे लगातार परेशान करता था। आरोप है कि उसने लड़की को मोबाइल फोन देकर जबरन उससे बातचीत करने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के पिता की हत्या करने और लड़की के चेहरे पर तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां भी दीं।
मां को बताई आपबीती, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना से परेशान होकर नाबालिग ने घर पहुंचकर पूरी जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद परिजन सीधे जामुल थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के पिता ने बताया कि करीब छह महीने पहले भी रियाज के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं और वह लगातार उनकी बेटी को परेशान करता रहा।
पुलिस ने तत्काल दबोचा आरोपी
शिकायत मिलते ही जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रियाज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





















