अंबिकापुर: जनजाति सुरक्षा मंच, सरगुजा द्वारा राजधानी दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक समागम में भाग लेकर लौटे प्रतिनिधियों का उरांव सामाजिक भवन, पटेलपारा में पारंपरिक गोड़ धोनी के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा और बाबा कार्तिक उरांव के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

कार्यक्रम में जनजाति सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक गणेशराम भगत ने जनजातीय समाज की गौरवशाली “पैर धोने” की परंपरा को सम्मान, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जनजातीय अधिकारों की रक्षा और डीलिस्टिंग कानून पारित कराने तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने 29 अक्टूबर को बाबा कार्तिक उरांव जयंती पर अंबिकापुर में “डीलिस्टिंग गर्जना महारैली” आयोजित करने की घोषणा भी की।

गणेशराम भगत ने कहा“जब तक मैं जीवित हूं, जनजाति हितों के विरुद्ध कोई निर्णय नहीं होने दूंगा। समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहूंगा।”उन्होंने समाज से भगवान बिरसा मुंडा, बाबा कार्तिक उरांव और संत गहिरा गुरु के बताए मार्ग पर चलने तथा जनजातीय संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण करने का आह्वान किया। साथ ही धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों को जनजातीय आरक्षण का लाभ न दिए जाने की बात कहते हुए इस विषय पर समाज को जागरूक रहने की आवश्यकता बताई।

दिल्ली का समागम बना जनजातीय एकता का मंच

प्रांत सह संयोजक इन्दर भगत ने कहा कि लाल किला मैदान में आयोजित यह ऐतिहासिक कार्यक्रम जनजातीय एकता, संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों के संरक्षण का सशक्त मंच साबित हुआ। उन्होंने बताया कि देशभर के 550 से अधिक जनजातीय समाजों के लगभग 3 लाख लोगों ने इसमें भाग लिया, जबकि सरगुजा से भी हजारों प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर क्षेत्र की वनांचल संस्कृति का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक बिहारीलाल उरांव ने किया, जबकि जिला सह संयोजक रज्जू राम ने आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में डॉ. आजाद भगत, रोशन प्रताप सिंह, लालदेव भगत, मानेश्वर भगत, जगरनाथ बैगा, दिलीप एक्का, देवनारायण भगत, श्रीराम भगत, सालिम केरकेट्टा, खेमराज सिंह, ठाकुर दयाल पैंकरा, बालमुनि प्रधान, सोनिया मुंडा, मंजू उरांव, सागर एक्का, सचिन भगत, ममता भगत, अजीत मिंज, आरती मुंडा, दुर्गावती नागवंशी सहित बड़ी संख्या में जनजाति सुरक्षा मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!