कोरबा: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दो ट्रेलरों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद दूसरा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर विपरीत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में फंस गया।सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। कटर की सहायता से ट्रेलर की केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने मृतक की पहचान कर उसके परिजनों और वाहन मालिक को हादसे की सूचना दे दी है। वहीं, फरार ट्रेलर चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि फरार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और हिट एंड रन सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है।पुलिस ने हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!