भोपाल। राजधानी के बाजपेयी नगर से 16 जून को लापता हुए छह वर्षीय अंश मैना की तलाश में जुटी पुलिस को जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण सुराग मिला है। सीसीटीवी फुटेज में बच्चा पंजाब की ओर जाने वाली पातालकोट एक्सप्रेस में चढ़ता हुआ दिखाई दिया है। इसके बाद पुलिस ने खोज अभियान को और तेज कर दिया है।

पातालकोट एक्सप्रेस में चढ़ते दिखा अंश

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में अंश ट्रेन में सवार होता नजर आया है। इस जानकारी के बाद भोपाल से 10 से 12 विशेष टीमों को विभिन्न स्थानों के लिए रवाना किया गया है। जहां-जहां ट्रेन रुकी, उन सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही प्रत्येक प्रमुख स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है, ताकि बच्चे का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

मां अस्पताल में भर्ती, घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता

जानकारी के मुताबिक अंश अपने परिवार के साथ बाजपेयी नगर स्थित एक रिहायशी इमारत में रहता है। उसकी मां गंभीर रूप से बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। घटना वाले दिन अंश घर के बाहर खेल रहा था, लेकिन कुछ देर बाद अचानक लापता हो गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में, पूछताछ जारी

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की, जिसमें एक व्यक्ति बच्चे के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ में बच्चे के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।

10 हजार रुपये का इनाम घोषित

बच्चे का जल्द पता लगाने के लिए प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। अंश के संबंध में ठोस जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और बच्चे की सुरक्षित बरामदगी प्राथमिकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!