

जशपुर: जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कांसाबेल क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 38 नग गौवंशों को मुक्त कराया है, जिन्हें तस्करी के लिए बेरहमी से भरा गया था। हालांकि, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल की सुबह करीब 4:30 बजे कांसाबेल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक (क्रमांक JH-02-BM-4221) में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर नेशनल हाईवे-43 के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बेला घाट में नाकाबंदी कर दी।नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिस पर चालक ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, जिसमें त्रिपाल से ढंके ट्रॉली में 38 गौवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले। सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है।इस मामले में थाना कांसाबेल में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जब्त ट्रक के आधार पर तस्करों की पहचान में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, एएसआई नीता कुर्रे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

































