अंबिकापुर: सरगुजा जिले के थाना मणिपुर क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने नाबालिग पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को प्रार्थिया ने थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी 24 जनवरी 2026 से किराए के मकान से लापता है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 70/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पीड़िता जम्मू के विजयपुर में संदेही अजय शंकर तिवारी के साथ है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम को तत्काल जम्मू रवाना किया गया, जहां लगातार प्रयासों के बाद नाबालिग को विजयपुर से आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर जम्मू ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।पुलिस ने आरोपी अजय शंकर तिवारी (उम्र 26 वर्ष, निवासी डोरला, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(ड़) बीएनएस तथा पोक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!