

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना लखनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में लखनपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अंधला निवासी अनिल साय अपने घर में अवैध अंग्रेजी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम अनिल साय (उम्र 30 वर्ष) निवासी ग्राम अंधला थाना लखनपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके घर के परछी में रखे एक सफेद प्लास्टिक झोले से कुल 6 लीटर 390 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई जा रही है। जब्त शराब में 08 पीएम स्पेशल व्हिस्की की बोतलें और पाव, एवरीडे गोल्ड व्हिस्की तथा गोवा स्पेशल पाव शामिल हैं।पुलिस ने आरोपी से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना लखनपुर में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सम्पत पोटाई के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अजय पाण्डेय, देवनारायण कवर, प्रवीणचंद तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

































