जशपुर: जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 72 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 44 हजार 720 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अरुण यादव (27 वर्ष), निवासी पोंगरो कोडाबहरी थाना कांसाबेल, अपने किराये के कमरे में नशीली सिरप का अवैध भंडारण कर बिक्री कर रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम चंदागढ़ में छापा मारा।जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के कमरे की तलाशी ली, जहां लकड़ी के तख्त के नीचे छिपाकर रखे गए 6 कार्टून बरामद हुए। इन कार्टूनों में 100-100 मिलीलीटर की कुल 720 बोतल **ONEREX कफ सिरप** मिली, जिसकी कुल मात्रा 72,000 मिलीलीटर (72 लीटर) पाई गई।पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर सिरप जब्त कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया। आरोपी के खिलाफ थाना पत्थलगांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 (ग) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।इस पूरी कार्रवाई को एसडीओपी पत्थलगांव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत पांडेय सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

वहीं, जशपुर के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि अपने आसपास हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि जशपुर में नशे के खिलाफ पुलिस सख्त है, लेकिन सवाल यह भी उठता है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ इलाके में पहुंच कैसे रहा है?

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!