
बिलासपुर: जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चकरभाठा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम पिरैया में दबिश देकर 60 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब के साथ 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और सीएसपी राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में 23 अगस्त को चकरभाठा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिरैया में एक युवक अवैध रूप से महुआ शराब लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मिडिल स्कूल के पास घेराबंदी कर आरोपी गौरी शंकर बघेल उर्फ पोडो (21 वर्ष), निवासी पिरैया को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता वाले चार पीले प्लास्टिक डिब्बे बरामद हुए, जिनमें कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया।कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चकरभाठा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध शराब या अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।




















