अंबिकापुर/सूरजपुर। जिले में गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। अंबिकापुर से सूरजपुर की ओर आ रही नीलम यात्री बस में भारी मात्रा में गांजा ले जाए जाने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने सिलफिली बस स्टैंड के पास बस को रोक लिया। बताया जा रहा है कि बस में यात्रियों के साथ-साथ कपड़ों में लपेटकर गांजे के कई गट्ठर रखे गए थे।

जानकारी के अनुसार, बस में महिला, पुरुष और बच्चों सहित करीब 20 यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यात्रियों की आड़ में गांजे की सप्लाई की जा रही थी। जैसे ही लोगों को संदेह हुआ, उन्होंने सड़क के बीच बस को रुकवाकर जांच शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में सवार कुछ महिला और पुरुष, जिन पर गांजा सप्लाई करने का संदेह है, मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बस को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि बस के भीतर बड़ी संख्या में गांजे के गट्ठर भरे हुए थे। पुलिस गांजे की मात्रा का आकलन कर रही है तथा मामले में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गांजे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!