अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में स्वास्थ्य व्यवस्था और खराब सड़कों की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक गर्भवती महिला की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह की रहने वाली गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर कुसमी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। वहां से स्थिति गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

परिजनों के अनुसार, महिला को एम्बुलेंस के माध्यम से अंबिकापुर लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में बरियों के पास, अस्पताल से करीब 25 किलोमीटर पहले ही महिला का प्रसव हो गया। महिला ने एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि सड़क जर्जर होने के कारण एम्बुलेंस समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी, जिससे इलाज में देरी हुई। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं व सड़क व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!