

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के देवनगर अटल चौक पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां रामानुजनगर एसडीएम की सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसी। इस दुर्घटना में एसडीएम को हल्की चोटें आई हैं, जबकि ड्राइवर और साथ में मौजूद आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर एसडीएम अपनी बोलेरो वाहन से रामानुजनगर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान देवनगर अटल चौक के पास अचानक सामने आए एक शराबी बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधे एक घर में जा टकराई।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल सूरजपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक ड्राइवर और आरक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, कलेक्टर एस. जयवर्धन भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसे ने सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

































