

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत समेत कई राज्यों में 31 मई तक बारिश, आंधी, धूलभरी हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले दो से तीन दिनों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार और रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और गोवा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।बिहार और झारखंड में आंधी की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि बिहार के कुछ इलाकों में हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने का अनुमान है।मध्य महाराष्ट्र में 30 मई को अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, कोंकण और गोवा में 31 मई को वर्षा हो सकती है। गुजरात में 31 मई से 2 जून के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में 1 से 4 जून के बीच बारिश होने का अनुमान है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 मई से 3 जून तक भारी वर्षा हो सकती है। कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में 30 मई तक अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। गुजरात में भी 4 जून तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। वहीं शुक्रवार को देश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस उत्तर प्रदेश के बांदा में रिकॉर्ड किया गया।





















