सूरजपुर:  सूरजपुर जिले में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र की है, जहां बुधवार को जंगल के रास्ते से गुजर रहे 50 वर्षीय ग्रामीण पर दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रामलाल पिता गनपत, निवासी सिंघराअपने साथी कन्नीलाल पिता महिता सिंह के साथ पोड़ी गांव से खाद लेकर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सरहरी और सिंघरा के बीच जंगल क्षेत्र में अचानक उनका सामना दंतैल हाथी से हो गया।
बताया जा रहा है कि हाथी ने रामलाल पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद कन्नीलाल किसी तरह जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा और घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी के बावजूद समय पर लोगों को उनकी लोकेशन और आवाजाही की जानकारी नहीं दी जाती।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथी की मौजूदगी की सूचना पहले मिल जाती तो संभवतः रामलाल की जान बचाई जा सकती थी। ग्रामीणों ने हाथी मित्र दल और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी प्रभावित गांवों और मार्गों में लगातार निगरानी रखने, हाथियों की लोकेशन की तत्काल सूचना ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को केवल घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए पहले से सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य ग्रामीण को इस तरह अपनी जान न गंवानी पड़े।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!