

बलरामपुर। ग्रामीण इलाकों में ग्राम पंचायतों द्वारा सरकारी नियमों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से निर्माण कार्य कराने का एक गंभीर मामला सामने आया है। विकासखंड राजपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत करजी में एक ग्रामीण की निजी भूमि पर बिना किसी अनुमति के शासकीय बाउंड्री वॉल निर्माण कराने का आरोप पंचायत प्रशासन और उसके जिम्मेदारों पर लगा है। पीड़ित ने इस मामले में तहसीलदार से लिखित शिकायत कर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में मदन सिंह की निजी स्वामित्व की भूमि ग्राम करजी (विकासखंड व तहसील-राजपुर, जिला-बलरामपुर) में स्थित है। पीड़ित के मुताबिक, उनके नाम पर कुल रकबा लगभग 6 एकड़ भूमि विधिवत राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है, जिसका खसरा नंबर 554 और 555 है। इसी भूमि से सटे हुए अन्य खसरा नंबर 491/2, 489/2 एवं 482 भी उन्हीं के स्वामित्व में हैं।पीड़ित का आरोप है कि इस निजी भूमि के समीप स्थित आईटीआई कॉलेज एवं छात्रावास के मध्य की खाली जमीन, जो कि पूरी तरह से उनकी निजी संपत्ति है, पर ग्राम पंचायत करजी द्वारा अवैध रूप से शासकीय बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पंचायत स्तर पर बैठे जिम्मेदार (सचिव व अन्य) बिना किसी कानूनी प्रक्रिया, सीमांकन या भू-स्वामी की अनुमति के जबरन निर्माण कार्य को अंजाम दे रहे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित मदन सिंह ने तहसीलदार राजपुर को एक औपचारिक आवेदन सौंपकर मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि खसरा नंबर 554 और 555 पर चल रहे अवैध निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
इस मामले में अब देखना यह होगा कि राजस्व विभाग और उच्च अधिकारी पंचायत की इस कथित मनमानी पर क्या एक्शन लेते हैं और पीड़ित को कब तक न्याय मिलता है।





















