बलरामपुर: प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी जी राम जी) योजना का जिले में औपचारिक शुभारंभ किया गया।

कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी  नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले की सभी जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।योजना के शुभारंभ अवसर पर श्रमिक संवाद, जागरूकता रैलियां, मानव श्रृंखला, ग्राम स्तरीय बैठकों तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना की विशेषताओं, पात्रता और लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। विभिन्न कार्यस्थलों पर श्रमिकों को योजना के उद्देश्यों एवं प्रावधानों से अवगत कराते हुए इसे जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत दैनिक मजदूरी दर बढ़ाकर 300 रुपये निर्धारित की गई है तथा प्रत्येक पात्र पंजीकृत परिवार को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान व्यवस्था, कार्य उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता, ग्राम सभाओं की सक्रिय भागीदारी तथा डिजिटल प्रणाली के माध्यम से कार्यों की निगरानी जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।

योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार करते हुए आजीविका को सुदृढ़ बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करना है। इसके अंतर्गत जल संरक्षण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण अधोसंरचना विकास तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के साथ सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!