


लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 130 पर डीजल चोरी और ट्रक चालकों से मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला अंबिकापुर-बिलासपुर हाईवे का है, जहां एक पेट्रोल पंप के पास ट्रक ड्राइवर और उसके सहयोगी के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार देर रात करीब 4 बजे की बताई जा रही है। लहपटरा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक से चोरों ने करीब 150 लीटर डीजल चोरी कर लिया। जब ड्राइवर और उसके सहयोगी ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
वायरल वीडियो में ट्रक ड्राइवर ने बताया कि अगर पेट्रोल पंप के गार्ड ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया होता, तो उनकी जान जा सकती थी। ड्राइवर ने यह भी बताया कि किस तरह आरोपियों ने बेरहमी से उनकी पिटाई की।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक अपने गंतव्य की ओर जा रहा था और रास्ते में विश्राम के लिए रुका था, तभी यह घटना घटित हुई। क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ट्रक चालकों में भय का माहौल है।
गौरतलब है कि लखनपुर क्षेत्र में आए दिन पेट्रोल पंपों के पास खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर पुलिस प्रशासन इन वारदातों पर कब तक लगाम लगा पाएगा।
































