अंबिकापुर: राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं स्वशासी योजना के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी “जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य” का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन सत्र के मुख्य अतिथि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राजेन्द्र लाकपाले रहे, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की। संयोजक  सुनील अजीत कुमार केरकेट्टा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक ज्ञानेंद्र शुक्ला और सहायक संचालक  गोवर्धन यदु के सहयोग की भी सराहना की गई।

संगोष्ठी का उद्घाटन 18 नवंबर को महापौर  मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज गुप्ता के विशिष्ट आतिथ्य और सेवानिवृत्त आई.ए.एस. व वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. संजय अलंग के अतिविशिष्ट आतिथ्य में हुआ। डॉ. अलंग ने कहा कि जनजातीय इतिहास उपेक्षा का नहीं, स्वाभिमान और प्रतिरोध का इतिहास है।दो दिनों में कुल चार तकनीकी सत्रों के साथ दो ऑनलाइन समानांतर सत्र भी हुए, जिनमें लगभग 65 शोधार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। प्रथम सत्र जनजातीय इतिहास पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता आर.पी. सिंह ने की। मुख्य वक्ता डॉ. जनार्दन गौंड ने कहा कि रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जैसे नायकों को ‘छोटे राजा’ कहकर हाशिये पर डाल दिया गया, जबकि बिना गोंडी, कुरुख, मुंडारी, सादरी, बोडो जैसी जनजातीय भाषाओं में उतरे सही इतिहास नहीं लिखा जा सकता। द्वितीय सत्र जनजातीय संस्कृति पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता सुषमा भगत ने की। इसमें 7 शोधार्थियों ने करमा, सरहुल, मदई, लोकनृत्य और वन-ज्ञान पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। तृतीय सत्र जनजातीय साहित्य पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता डॉ. जनार्दन गौंड ने की। इसमें कवि-चित्रका महेश वर्मा ने कहा कि गोंडवानी, सोहराय, धनकुल गाथाएँ ही आदिवासी समाज का वेद-पुराण हैं। डॉ. विश्वासी एक्का ने सृजन की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। चतुर्थ सत्र जनजातीय गौरव पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता  एस.एन. पाण्डेय ने की। इसमें डॉ. शम्भू तिर्की और डॉ. उमेश कुमार पाण्डेय ने गौरव और अस्मिता पर चर्चा की।

समापन सत्र में मुख्य अतिथि माननीय कुलपति राजेन्द्र लाकपाले ने महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य जैसे विषय पर इस प्रकार का गंभीर विमर्श आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि बिना अपने मूल इतिहास को जाने कोई भी समाज अपनी अस्मिता को नहीं बचा सकता। दो दिनों के विमर्श ने सिद्ध कर दिया कि जनजातीय समाज केवल अतीत की धरोहर नहीं है, बल्कि वर्तमान और भविष्य के भारत के लिए भी मार्गदर्शक है।

कुलपति  ने आदिवासी इतिहास और नायकों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जैसे नायकों ने केवल अपने समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। इन नायकों ने अन्याय के विरुद्ध कभी समझौता नहीं किया। इन नायकों का इतिहास आज की युवा पीढ़ी तक पहुँचना ही चाहिए, ताकि वे अपनी जड़ों पर गर्व कर सकें और अपने इतिहास को हीनता से नहीं, बल्कि गौरव से देख सकें। उन्होंने कहा कि जब तक पाठ्यपुस्तकों और शोध में इन नायकों को समुचित स्थान नहीं मिलेगा, तब तक भारत का इतिहास अधूरा ही माना जाएगा।

उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से जनजातीय अध्ययन के क्षेत्र में हो रहे महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी देते हुए दो बड़ी घोषणाओं से सभागार को उत्साहित कर दिया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में 118 करोड़ रुपये की लागत से भगवान बिरसा मुंडा पीठ की स्थापना का प्रस्ताव राज्य सरकार से पारित होकर केंद्र सरकार की अनुमति के लिए भेजा जा चुका है। इस पीठ में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, दर्शन, संघर्ष और जनजातीय समाज के योगदान पर उच्च स्तरीय शोध होगा। इसके साथ ही अगले शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में पी.जी. ट्राइबल स्टडीज का पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। कुलपति जी ने कहा कि इन प्रयासों से सरगुजा अंचल जनजातीय अध्ययन का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा और यहाँ के विद्यार्थियों व शोधार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय अध्ययन और शोध का अवसर मिलेगा। उन्हें अब इसके लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।

कुलपति ने कहा कि महाविद्यालय की यह संगोष्ठी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आयोजकों, प्राचार्य  अनिल कुमार सिन्हा, संयोजक सुनील अजीत कुमार केरकेट्टा, सभी वक्ताओं और शोधार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन जनजातीय समाज के गौरव को मुख्यधारा में लाने में मील का पत्थर साबित होंगे।

अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य  अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर उच्च शिक्षा संचालनालय के सहायक संचालक द्वय प्रोफेसर ज्ञानेंद्र शुक्ला एवं डॉ गोवर्धन यदु ने भी उपस्थित होकर अपने विचार रखें तथा महाविद्यालय के अकादमिक गतिविधियों की प्रशंसा की।

दो दिनों के विमर्श से यह निष्कर्ष निकला कि जनजातीय इतिहास को पाठ्यक्रम और शोध में समुचित स्थान मिलना चाहिए, मौखिक साहित्य, लोकगीत और लोकज्ञान का तत्काल दस्तावेजीकरण आवश्यक है और जनजातीय इतिहास का लेखन तभी प्रामाणिक होगा जब शोधकर्ता जनजातीय भाषाओं, लोक परम्पराओं और स्थानीय स्मृतियों में गहराई से उतरेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!