

जशपुर: जशपुर पुलिस ने ग्राम गम्हरिया में खेत के पास मिले बुजुर्ग के शव मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने बुजुर्ग पर लकड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को थाना जशपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम गम्हरिया स्थित अघोर आश्रम बाउंड्री के पास खेत में पंडरीपानी निवासी 75 वर्षीय बलराम उरांव का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर सूचना और ग्रामीणों के बयान के आधार पर पुलिस ने पंडरीपानी निवासी अरविंद कुजूर (40 वर्ष) और सुखनाथ बड़ा (50 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
कड़ाई से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि 29 अप्रैल की रात वे गम्हरिया में एक शादी समारोह में भोजन करने गए थे, जहां मृतक बलराम उरांव भी मौजूद था। भोजन के बाद रात करीब 8:30 बजे गांव लौटते समय मृतक ने कथित रूप से गुलेल से पत्थर मारने की कोशिश की। इसी बात से नाराज होकर दोनों आरोपी ऑनलाइन सेंटर के पीछे रखी सरई लकड़ी की फाड़ी लेकर आए और बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाद में शव को सड़क किनारे फेंककर दोनों फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 2 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, उपनिरीक्षक भागवत नायकर, साइबर सेल प्रभारी नसरुद्दीन अंसारी एवं प्रधान आरक्षक अनंत मिराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































