लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम अमलभीट्टी स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक के खिलाफ ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर से जनदर्शन में शिकायत की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि समिति प्रबंधक नवल साय द्वारा हमाली (मजदूरी) के नाम पर फर्जी लेबर भुगतान किया जा रहा है और शासन की योजनाओं की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, समिति के माध्यम से मिलने वाली मजदूरी की राशि समिति के बचत खाते में आती है, जिसका गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वास्तविक मजदूरों को भुगतान नहीं मिल रहा, जबकि कागजों में फर्जी भुगतान दर्शाया जा रहा है। इससे किसानों और मजदूरों दोनों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।इसके साथ ही प्रबंधक पर शराब के नशे में किसानों से अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब वे अपनी समस्याओं को लेकर प्रबंधक से बात करते हैं, तो वह नशे की हालत में अपमानजनक भाषा का प्रयोग करता है और शिकायत करने पर भी धमकी देता है।ग्राम तुरना निवासी किसान सुखलाल राजवाड़े सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी जनदर्शन में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश और निराशा दोनों बढ़ रहे हैं।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और सूक्ष्म जांच कराई जाए तथा दोषी प्रबंधक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस पूरे मामले ने सहकारी समितियों के संचालन और पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!