

जशपुर: जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुजीबहार में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 26 वर्षीय युवक अविनाश टोप्पो ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से गंभीर बीमारी से परेशान था और हाल ही में डॉक्टरों ने उसकी दोनों किडनी खराब होने की पुष्टि की थी। बीमारी की जानकारी मिलने के बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अविनाश टोप्पो बैंगलोर में रहकर मजदूरी का काम करता था। 1 मई 2026 को उसने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत काफी खराब है और उसे घर ले जाया जाए। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसे ट्रेन से कोरबा पहुंचने को कहा। 3 मई को परिजन कोरबा पहुंचे और उसे अपने साथ गांव सुजीबहार लेकर आए।परिजनों ने 4 मई को इलाज के लिए उसे जशपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी हैं। यह बात सुनने के बाद अविनाश काफी परेशान और तनावग्रस्त रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि 6 मई की शाम करीब 4 बजे युवक ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके पिता सैहुन टोप्पो किसी काम से पड़ोसी गांव गए हुए थे। इसी दौरान उसकी पत्नी ने फोन कर घटना की जानकारी दी।सूचना मिलने पर कांसाबेल पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।





















