छत्तीसगढ़: स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बस्तर संभाग के लिए विशेष अभियान की घोषणा की है। इस अभियान के तहत 10 अगस्त से 14 अगस्त तक भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। अभियान का मकसद राष्ट्रीय पर्व को जनभागीदारी के साथ मनाना और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना बताया गया है।

92 गांवों में पहली बार होगा तिरंगा ध्वजारोहण, बाइक रैली भी बनेगी आकर्षण का केंद्र

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी कि 15 अगस्त को बस्तर संभाग के सभी गांवों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इस दौरान बीजापुर के 33, नारायणपुर के 9 और बस्तर जिले के 50 गांवों सहित कुल 92 गांव ऐसे होंगे, जहां पहली बार तिरंगा लहराया जाएगा।उन्होंने बताया कि जिन इलाकों में पहले बड़े नक्सली मुठभेड़ हुए हैं, वहां विशेष बाइक रैली निकाली जाएगी। इस रैली में महिला बाइकर्स भी हिस्सा लेंगी, जिससे अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

शहीद परिवारों का होगा सम्मान, नक्सल प्रभावित परिवारों से भी करेंगे मुलाकात

अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता शहीदों के परिजनों के घर पहुंचकर उन्हें तिरंगा भेंट करेंगे और उनका सम्मान करेंगे। साथ ही नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे।इसके अलावा बस्तर क्षेत्र में 500 से अधिक स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों का नाम शहीदों के नाम पर रखने का अभियान भी चलाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना है।

10 से 14 अगस्त तक पूरे प्रदेश में निकलेगी तिरंगा यात्रा, 450 मंडलों में होगी भागीदारी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि 10 अगस्त से 14 अगस्त तक पूरे छत्तीसगढ़ में तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी छोटे-बड़े गांवों और शहरों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए भाजपा के 450 मंडलों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

रायपुर से होगी अभियान की शुरुआत, बड़ी संख्या में शामिल होंगे कार्यकर्ता और नागरिक

अरुण साव ने बताया कि तिरंगा यात्रा अभियान का शुभारंभ 10 अगस्त को रायपुर के मरीन ड्राइव से किया जाएगा। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली इस यात्रा में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। इसके बाद यह अभियान पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!