बिलासपुर। सिरगिट्टी थाने का प्रभार संभालने के दूसरे ही दिन प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने इलाके के गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके ठिकानों पर दबिश दी।अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता देखकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने क्षेत्र में घूमकर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को सख्त चेतावनी दी।

सूचीबद्ध बदमाशों के घरों की ली गई तलाशी

सिरगिट्टी पुलिस ने अभियान के तहत सूचीबद्ध बदमाश समीर उर्फ बकरा मुंडी और राजू साहू उर्फ चिल्लर के ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी ली। पुलिस ने दोनों को भविष्य में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी।अधिकारियों ने साफ किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

शराबखोरी करने वालों पर भी कसा शिकंजा

पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर लोगों को परेशान करने वाले तीन लोगों को भी पकड़ा। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर अशांति फैलाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

चुचुहियापारा और गणेश नगर में निकाला फ्लैग मार्च

सिरगिट्टी पुलिस ने चुचुहियापारा और गणेश नगर इलाके में फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन किया और उन्हें अवैध गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।इसके अलावा मारपीट के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस की सख्ती से अपराधियों में बढ़ी चिंता

प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!