गुवाहाटी:  असम के डिगारू में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कम से कम तीन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफ रेलवे) के प्रवक्ता के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर कामरूप जिले में डिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुआ। दुर्घटना के समय ट्रेन मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही थी। अचानक ट्रेन के छह डिब्बे पटरी से उतर गए।एनएफ रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे को अब तक किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं मिली है।वहीं, घटनास्थल से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में कम से कम तीन यात्री घायल हुए हैं। रेलवे की टीमें प्रभावित यात्रियों को सहायता पहुंचाने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। हादसे के चलते रेल परिचालन पर भी असर पड़ने की आशंका है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!