
जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ी बाइक
अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: नगर के मुख्य मार्ग पर शिवम् मेडिकल स्टोर के सामने रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान आशु टप्पो पिता स्व. सुखचरण, उम्र 17 वर्ष, निवासी ग्राम रातासिली, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान इमरान लकड़ा पिता जुलयानूस लकड़ा, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम रातासिली, थाना कुसमी के रूप में हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही थी पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली..
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल जीप का पंजीयन क्रमांक CG15ZD0767 बताया जा रहा है, जिसके पीछे एक पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली टोचन करके ले जाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक क्रमांक CG30G8157 पर सवार दोनों युवकों की जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 17 वर्षीय आशु टप्पो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इमरान लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवकों ने जीप से साइड लेने का प्रयास किया था। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी वास्तविक वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सड़क के गड्ढों से बचने की कोशिश में हुआ हादसा..?
इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद कुसमी नगर के मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति भी सवालों के घेरे में आ गई है। बताया जा रहा है कि संबंधित सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के माध्यम से कराया गया है और सड़क अभी ठेकेदार की गारंटी अवधि में है। इसके बावजूद सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं।स्थानीय स्तर पर यह बात सामने आ रही है कि सड़क के गड्ढों से बचने के प्रयास के दौरान बाइक सवारों ने जीप से साइड लेने की कोशिश की और पीछे टोचन कर ले जाई जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए। यदि सड़क की खराब स्थिति इस दुर्घटना की वजह बनी है, तो यह केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर भी गंभीर सवाल है।
गारंटी अवधि में होने के बावजूद सड़क पर गड्ढे होना ठेकेदार की जवाबदेही और लोक निर्माण विभाग की निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
गारंटी अवधि में सड़क की मरम्मत कौन कराएगा..?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सड़क ठेकेदार की गारंटी अवधि में है, तो जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? क्या संबंधित विभाग ने सड़क का निरीक्षण किया है? यदि किया है तो खराब स्थिति के बावजूद सुधार की कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या विभाग इस दुर्घटना के बाद सड़क की वास्तविक स्थिति की जांच कराएगा और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करेगा?सड़क निर्माण के बाद निर्धारित गारंटी अवधि में उसकी गुणवत्ता और मरम्मत की जिम्मेदारी किसकी है, यह भी अब चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि विभाग सड़क का निरीक्षण कराकर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करे।
112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए युवक, पुलिस ने शुरू की जांच..
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। 112 वाहन की सहायता से दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशु टप्पो को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल इमरान लकड़ा को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
एक परिवार की खुशियां उजड़ीं, सड़क की गुणवत्ता पर भी जवाबदेही जरूरी..
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। महज 17 वर्ष की उम्र में आशु टप्पो की असमय मौत से ग्राम रातासिली और उसके परिवार में मातम पसरा है। वहीं गंभीर रूप से घायल इमरान के स्वास्थ्य को लेकर परिजन चिंतित हैं।
अब पुलिस जांच में दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होने के साथ ही लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण होगी। यदि सड़क की खराब स्थिति दुर्घटना का एक कारण रही है, तो इसकी तकनीकी जांच कर संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। जरूरत है कि विभाग सड़क की गुणवत्ता और गड्ढों की स्थिति की जांच कर तत्काल मरम्मत कराए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की दर्दनाक घटना का सामना न करना पड़े।











