

बिलासपुर : जिले के मस्तूरी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सड़क किनारे खड़ी एक महिला पर अचानक मवेशी ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए महिला घबराकर सड़क की ओर भागी, लेकिन उसी दौरान तेज रफ्तार आटो की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आटो पलटकर महिला के ऊपर ही गिर गया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
घटना का पूरा घटनाक्रम
मस्तूरी थाना क्षेत्र के बूढ़ीखार गांव की रहने वाली शैल कुमारी देवार मंगलवार को सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी एक मवेशी ने उन्हें दौड़ा लिया। बचने की कोशिश में वे सड़क पार करने लगीं, तभी मल्हार की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार आटो उन्हें टक्कर मारते हुए पलट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को आटो के नीचे से निकाला और संजीवनी 108 के जरिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
आटो चालक और यात्री भी गंभीर घायल
इस हादसे में आटो चालक विक्रम और एक अन्य यात्री भी बुरी तरह घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जारी है। यात्री की पहचान अभी नहीं हो पाई है, क्योंकि वह बेहोशी की हालत में है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त आटो को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
सड़कों पर मवेशियों का बढ़ता खतरा
जिले में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इनके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है।
पचपेड़ी में दूसरा हादसा: ट्रेलर की टक्कर से एक की मौत
तेज रफ्तार ने छीनी जिंदगी
मस्तूरी की घटना के अलावा पचपेड़ी थाना क्षेत्र में भी मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ग्राम बिनौरी के पास गिट्टी से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।
एक भाई की मौके पर मौत
हादसे में बाइक चला रहे गुलशन मरावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई संजू मरावी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद गुलशन बाइक समेत ट्रेलर के नीचे फंस गए और कुछ दूरी तक घसीटते चले गए।
चालक फरार, पुलिस तलाश में
टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे खेत में पलट गया। चालक मौके से फरार हो गया। पचपेड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्रशासन का बयान
ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह के अनुसार, मस्तूरी और पचपेड़ी दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया गया है। वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

































