कोरबा। तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान वन्य प्राणियों के हमले लोगों पर हो रहे हैं। गुरसिया क्षेत्र में आज हुई ऐसी ही घटना में एक युवती, महिला और एक उम्रदराज व्यक्ति जख्मी हो गया। इनमें से एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। तीनों को पोड़ी उपरोड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एतमानगर रेंज के गुरसिया क्षेत्र में नेटीभैसा जंगल में आज सुबह 6 बजे यह घटना हुई। बताया गया कि इलाके के काफी लोग तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगलों में जा रहे हैं। हर किसी को अपने लक्ष्य का ख्याल है, खतरे का नहीं। वैसे भी इस मौसम में 7 बजे के बाद धूप की चुनौती सामने होती है इसलिए ग्रामीण सूर्योदय से काफी पहले निकल जाते हैं। बताया गया कि एतमा नगर रेंज के गुरसिया से लगे जंगल में लोगों का समूह अलग-अलग हिस्से में तेंदूपत्ता एकत्र कर रहा था। इसी दरम्यान जंगली सूअर ने अचानक उपस्थिति दर्ज कराई और 18 वर्षीय सुहानी, 42 वर्षीय पवारो बाई और 80 वर्षीय गंभीर साय  को जख्मी कर दिया। पीडि़तों को सिर, पैर और दूसरे हिस्सों में चोटे आई है। जंगली सूअर के हमले के दौरान इन लोगों के चीखने की आवाज आई जिस पर आसपास के लोग सक्रिय हुए। उन्होंने अपने स्तर पर सतर्कता बरती और तत्कालिक प्रयासों से जंगली सूअर को खदेड़ दिया। कुछ देर के बाद अन्य लोगों की सहायता से पीडि़तों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की गई।

इस मामले में भारप्राप्त डीएफओ विपुल अग्रवाल ने बताया कि जानकारी होने पर वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और पीडि़तों के उपचार के लिए शुरूआती सहायता राशि दी गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!