अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में स्वयं को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताकर जिला आबकारी अधिकारी से शराब और नकद राशि की मांग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने निरीक्षण के नाम पर छह बोतल शराब और नगदी की मांग कर धोखाधड़ी का प्रयास किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर स्वयं को ACB अधिकारी बताते हुए कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं और उनके लिए रेस्ट हाउस में भोजन की व्यवस्था की जा रही है। आरोपी ने तत्काल छह बोतल शराब और नकद राशि उपलब्ध कराने का दबाव बनाया। बातचीत संदिग्ध लगने पर आबकारी अधिकारी ने न तो शराब दी और न ही पैसे, बल्कि तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दे दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सौरभ प्रजापति (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथियों राजेशपुरी गोस्वामी और रंजीत गुप्ता के साथ मिलकर मुफ्त में शराब हासिल करने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत उसने खुद को ACB अधिकारी बताकर आबकारी अधिकारी को फोन किया और शराब व नगदी की मांग की।पुलिस ने आरोपी राजेशपुरी गोस्वामी (43) और रंजीत गुप्ता (40) को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक दुबे तथा आरक्षक विकास सिंह, अमृत सिंह और घनश्याम देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!