
सूरजपुर: आगामी दशहरा, दीपावली एवं अन्य त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्व समाज के प्रमुख सहित अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सर्व अनुविभागीय दंडाधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर रेना जमील ने सभी समाज प्रमुखों से आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं उत्साह के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने सभी समाज प्रमुखों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सहयोग करने का आग्रह किया।
भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिए आवश्यक निर्देश
बैठक के दौरान समाज प्रमुखों से त्योहारों के सुचारु आयोजन के संबंध में सुझाव आमंत्रित किया गया। दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारी वाहनों के मार्ग परिवर्तन, बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पुलिस बल एवं गोताखोरों की व्यवस्था करने संबंधी सुझाव दिए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने रावण दहन स्थलों पर दमकल वाहन एवं एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं सतर्कता बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील
बैठक में सर्वाेच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे के उपयोग पर चर्चा की गई। समाज प्रमुखों से निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा तेज आवाज से आम नागरिकों को होने वाली असुविधा से बचाने की अपील की गई। साथ ही दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-सीमा निर्धारित करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
विजयादशमी शोभायात्रा के लिए रूटचार्ट निर्धारित करने के निर्देश
विजयादशमी पर्व पर निकलने वाली शोभायात्रा के संबंध में भी समाज प्रमुखों के साथ चर्चा की गई। कलेक्टर ने शोभायात्रा के लिए निर्धारित रूटचार्ट के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अमले को समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
कलेक्टर रेना जमील ने सभी समाज प्रमुखों एवं जिलेवासियों से आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया।




















