

सूरजपुर: सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में टू-ए ऑफिसर कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए विश्रामपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम का हिस्सा, वारदात में प्रयुक्त सुंगा रॉड तथा चोरी की एक अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। पूछताछ में आरोपी ने दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को भी स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार टू-ए ऑफिसर कॉलोनी निवासी डॉक्टर शुभांगी वर्मा ने 7 अप्रैल 2026 को थाना विश्रामपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 अप्रैल की शाम वह इमरजेंसी ड्यूटी पर गई थीं। अगले दिन सुबह लौटने पर घर का गेट खुला मिला और घर से करीब 40 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनंदनपुर निवासी आदित्य साहनी घटना की रात इलाके में घूमता देखा गया था और उसके बाद से फरार था। 7 मई 2026 को सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को एक अपाचे मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी आदित्य साहनी ने टू-ए ऑफिसर कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 39 का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की अधिकांश रकम खर्च हो चुकी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7500 रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त सुंगा रॉड बरामद किया है।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी कबूल किया कि उसने 22 अप्रैल को ग्राम तिलसिवां से एक एफजेडएस बाइक चोरी की थी, जिसे पेट्रोल खत्म होने पर विश्रामपुर ओवरब्रिज के पास छोड़कर फरार हो गया था। वहीं 3 मई को अंबिकापुर के गंगापुर कन्या परिसर से एक अपाचे बाइक चोरी कर विश्रामपुर लाया था। पुलिस ने चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।पुलिस ने आरोपी आदित्य साहनी पिता रमेश साहनी, उम्र 19 वर्ष निवासी शिवनंदनपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















