Gwalior News: ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र स्थित हुरावली इलाके में चोरों ने बीएसएफ के एक जवान के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार अपने बड़े भाई के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए गांव गया हुआ था। इसी दौरान बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।

पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोसियों ने मकान का मुख्य ताला टूटा देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत घर मालिक को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार वापस लौटा और घर के अंदर सामान बिखरा मिला। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई।

तेरहवीं में शामिल होने गया था परिवार

पीड़ित नरेंद्र सिंह 55 वर्ष के हैं और सीमा सुरक्षा बल में कार्यरत हैं। उनका पैतृक गांव डबरा के मेहगांव में है, जबकि वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ ग्वालियर के हुरावली इलाके में रहते हैं। उनके बड़े भाई प्रहलाद सिंह का 2 जुलाई को निधन हो गया था। तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूरा परिवार गांव चला गया था। 13 जुलाई की शाम उनके बेटे पंकज ने घर में ताला लगाकर गांव के लिए रवाना हुआ था।

नकदी और आभूषण लेकर फरार हुए बदमाश

परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए और वहां रखी नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!