Abhijeet Dipke Party: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। पार्टी गठन के बाद छात्र आंदोलन में उनकी सक्रियता ने उनकी पहचान को और व्यापक किया है। प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक उनके नाम की चर्चा तेज रही है।इसी बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की ओर से उन्हें अपनी पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव दिए जाने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं ने नया मोड़ ले लिया है।

अठावले ने पार्टी में आने का दिया न्योता

रामदास अठावले ने अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया आठवले यानी RPI A में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। अठावले केंद्र सरकार में मंत्री हैं और उनकी पार्टी NDA का हिस्सा है।अठावले ने दीपके को पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव देते हुए बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के विचारों और उनके सपनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के सपने को आगे बढ़ाने के लिए दीपके को उनकी पार्टी के साथ आना चाहिए।हालांकि इस प्रस्ताव पर अभिजीत दीपके की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

क्या आंदोलन के बाद अगला कदम राजनीति होगा

अभिजीत दीपके ने जब कॉकरोच जनता पार्टी का गठन किया था, तभी से उनके राजनीति में उतरने को लेकर अटकलें लगने लगी थीं। उनके सार्वजनिक अभियानों और मुद्दों को उठाने के तरीके को देखते हुए कई लोग इसे भविष्य की राजनीतिक तैयारी के तौर पर भी देख रहे हैं।कुछ लोगों ने उनकी तुलना अरविंद केजरीवाल के शुरुआती राजनीतिक सफर से भी की है। हालांकि दीपके खुद तत्काल राजनीति में आने की बात से इनकार कर चुके हैं।

जनता की मांग पर चुनाव लड़ने की बात

हाल ही में एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान दीपके ने राजनीति में तत्काल प्रवेश की संभावना को खारिज किया। हालांकि उन्होंने यह संकेत जरूर दिया कि यदि जनता की ओर से चुनाव लड़ने की मांग आती है तो भविष्य में इस पर विचार किया जा सकता है।उनका कहना है कि फिलहाल उनका ध्यान जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को सामने लाने पर है। यानी राजनीति में प्रवेश को लेकर दरवाजा पूरी तरह बंद करने के बजाय उन्होंने फैसला जनता की प्रतिक्रिया पर छोड़ने का संकेत दिया है।

स्कूल व्यवस्था को लेकर शुरू किया नया अभियान

राजनीतिक अटकलों के बीच अभिजीत दीपके फिलहाल शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने स्कूल व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर स्कूल ठीक करने करो अभियान शुरू किया है।इस अभियान के जरिए स्कूलों की स्थिति और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को सामने लाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में आने वाले समय में दीपके का अगला कदम क्या होगा, इस पर अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!