अंबिकापुर: सरगुजा जिले के थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिसरपानी में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पत्नी और एक अन्य युवक की कथित तौर पर चरित्र शंका के चलते फावड़े से हमला कर हत्या कर दी थी। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त की शाम ग्राम बिसरपानी दारापारा में सोमारू मझवार के घर मृतक बेंजे बड़ा, नईहारो मझवार और उसका पति बाबूलाल मझवार शराब के नशे में पहुंचे थे और आग ताप रहे थे। इसी दौरान तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।बताया गया कि अगले दिन 18 अगस्त की सुबह घर के अंदर बेंजे बड़ा और नईहारो मझवार के शव मिले। दोनों के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और घटनास्थल से बाबूलाल मझवार फरार था। मामले में थाना कमलेश्वरपुर में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में पुलिस ने गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बाबूलाल मझवार को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चरित्र शंका को लेकर पत्नी नईहारो मझवार और युवक बेंजे बड़ा के साथ विवाद होने के बाद फावड़े से हमला कर उनकी हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं।आरोपी बाबूलाल मझवार, निवासी बिसरपानी तिलकपारा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक मनोज कुमार प्रजापति, एएसआई बैजनाथ राम, एएसआई बबलू कुजूर, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा तथा आरक्षक विकास मिश्रा, अशोक यादव, अर्जुन पैकरा और बरन सिंह की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!