सूरजपुर:  सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कौशलपुर मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी शिक्षिका और उनके मासूम बच्चे को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में महिला शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका शिफा त्रिपाठी आत्मानंद स्कूल भुवनेश्वरपुर में सहायक शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। वे मूलतः रायपुर की रहने वाली थीं और अपने बच्चे के साथ रामानुजनगर में निवास कर रही थीं।  सुबह वे अपने बच्चे के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान कौशलपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में शिक्षिका शिफा त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही रामानुजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!