
सूरजपुर: सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए सूरजपुर जिले के आरक्षक अभय पाण्डेय की पत्नी को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) व भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक बृजेश गुप्ता ने आरक्षक की धर्मपत्नी पूनम पाण्डेय को यह राशि चेक के माध्यम से सौंपी। आरक्षक अभय पाण्डेय जिला सूरजपुर में आरक्षक के पद पर थाना विश्रामपुर में पदस्थ थे। उनका आकस्मिक निधन 02.02.2026 को एक सड़क दुर्घटना में हो गया था। इस घटना पर पुलिस विभाग ने गहरा शोक व्यक्त किया था।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने शाखा प्रबंधक की मौजूदगी में 17 नवम्बर 2026 को आरक्षक की धर्मपत्नी पूनम पाण्डेय व पुत्र को सांत्वना देते हुए भारतीय स्टेट बैंक शाखा से 1 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया। यह सहायता पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत दी गई है।दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी ने आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर छत्तीसगढ़ शासन, गृह पुलिस विभाग और बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। विदित हो कि आरक्षक की आकस्मिक मृत्यु उपरान्त उनके पुत्र निर्भय पाण्डेय को जिला एमसीबी में आरक्षक(अ) के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है जो वर्तमान में जिला सूरजपुर में अचैट रहकर कार्यरत् है। पुलिस सैलरी पैकेज योजना का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु होने पर उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।











